अटल पेंशन योजना: 9 करोड़ से ज्यादा लोगों ने जोड़ा अपना नाम
अटल पेंशन योजना (APY) एक सरकारी पेंशन स्कीम है, जो असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए बनाई गई है। यह स्कीम पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) द्वारा चलाई जाती है।
- 9 करोड़ से ज्यादा लोगों ने 21 अप्रैल 2026 तक अटल पेंशन योजना में अपना नाम जोड़ दिया है।
- आप ₹1000 से ₹5000 तक की गारंटीड मासिक पेंशन चुन सकते हैं, जो 60 साल की उम्र के बाद मिलनी शुरू होती है।
- आपको हर महीने एक तय रकम जमा करनी होती है, जो आपकी उम्र और चुनी गई पेंशन पर निर्भर करती है।
अटल पेंशन योजना उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है, जो रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा और नियमित आय चाहते हैं। अगर आप जल्दी शुरुआत करते हैं, तो कम पैसे में बड़ी पेंशन का फायदा उठा सकते हैं।
Atal Pension Yojana: रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का होना बेहद जरूरी है, ताकि आपको छोटे-मोटे खर्चों के लिए भी किसी और निर्भर न रहना पड़े। इसके लिए सरकार की अटल पेंशन योजना (APY) एक भरोसेमंद विकल्प है। यह सरकार की गारंटी वाली पेंशन स्कीम है, खासकर उन लोगों के लिए जिनके पास कोई तय रिटायरमेंट प्लान नहीं है।
खास बात यह है कि 21 अप्रैल 2026 तक इस योजना में 9 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। इससे साफ है कि लोग इसे तेजी से अपना रहे हैं और इसे एक मजबूत सोशल सिक्योरिटी टूल के तौर पर देख रहे हैं।
APY क्या है और क्यों जरूरी है
अटल पेंशन योजना सरकारी पेंशन स्कीम है। इसे मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए बनाया गया है। इसे Pension Fund Regulatory and Development Authority (PFRDA) चलाती है।
इस स्कीम में आप ₹1000 से ₹5000 तक की गारंटीड मासिक पेंशन चुन सकते हैं, जो 60 साल की उम्र के बाद मिलनी शुरू होती है। आपको हर महीने एक तय रकम जमा करनी होती है, जो आपकी उम्र और चुनी गई पेंशन पर निर्भर करती है। यह रकम सीधे आपके बैंक खाते से ऑटो-डेबिट हो जाती है। अगर निवेश से मिलने वाला रिटर्न कम पड़ता है, तो सरकार न्यूनतम पेंशन की गारंटी पूरी करती है।
पेंशन के लिए हर महीने कितना निवेश
रिटायरमेंट के बाद ₹5000 की गारंटीड पेंशन पाने के लिए अभी से प्लानिंग जरूरी है। आपकी उम्र के हिसाब से हर महीने कितना निवेश करना होगा, इसमें बड़ा फर्क आता है। नीचे चार्ट में पूरा कैलकुलेशन है, जिससे आप समझ सकते हैं कि जल्दी शुरुआत करने पर कैसे कम रकम में बड़ा फायदा मिल सकता है।
इससे साफ है कि जितनी जल्दी शुरुआत करेंगे, उतना कम निवेश करना पड़ेगा। देर करने पर हर महीने की रकम तेजी से बढ़ जाती है।
60 साल के बाद क्या होगा
60 साल की उम्र पूरी होते ही आपको हर महीने तय पेंशन मिलनी शुरू हो जाती है। निधन के बाद यही पेंशन जीवनसाथी को मिलती रहती है। और दोनों के निधन के बाद पूरा जमा कॉर्पस नॉमिनी को ट्रांसफर कर दिया जाता है। जैसे कि 5000 की मंथली पेंशन के मामले में यह रकम 8.5 लाख रुपये होती है।
अटल पेंशन योजना से जुड़ने की शर्तें
आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए। उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। बैंक या पोस्ट ऑफिस में सेविंग अकाउंट होना जरूरी है। हर महीने पैसा ऑटो-डेबिट के जरिए जमा होगा। जो लोग आयकर देते हैं, वे नए नियमों के तहत इस स्कीम में शामिल नहीं हो सकते। आधार और मोबाइल नंबर देना जरूरी नहीं है, लेकिन देने से प्रक्रिया आसान हो जाती है।
इन शर्तों को पूरा करने पर कोई भी व्यक्ति इस स्कीम से जुड़ सकता है और 60 साल के बाद पेंशन का फायदा ले सकता है।
क्या पेंशन बदली जा सकती है
अटल पेंशन योजना में आपको लचीलापन भी मिलता है। अगर समय के साथ आपकी कमाई बढ़ती है या जरूरत बदलती है, तो आप अपनी चुनी हुई पेंशन रकम को बदल सकते हैं। यह बदलाव साल में एक बार, आमतौर पर अप्रैल में किया जा सकता है। यानी आप चाहें तो पेंशन बढ़ा सकते हैं या जरूरत पड़ने पर घटा भी सकते हैं, जिससे आपकी मासिक जमा राशि भी उसी हिसाब से बदल जाएगी।
क्यों सही विकल्प है APY
यह स्कीम उन लोगों के लिए खास तौर पर फायदेमंद है, जो कम जोखिम में गारंटीड पेंशन चाहते हैं। इसमें आपको हर महीने थोड़ी-थोड़ी बचत करने की आदत भी बनती है और रिटायरमेंट के बाद एक तय आय का भरोसा मिलता है।
अगर आप जल्दी शुरुआत करते हैं, तो कम पैसे में बड़ी पेंशन का फायदा उठा सकते हैं। इसलिए अटल पेंशन योजना उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा और नियमित आय चाहते हैं।
वसीयत नहीं है? जानिए पत्नी, बेटे और बेटी के बीच कैसे होगा संपत्ति का बंटवारा
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Build a better, regular income stream with LAMORC DIGITAL. Join as our partner today.
पाठकों को इसे टैक्स और अनुपालन से जुड़े अपडेट के रूप में देखना चाहिए, न कि व्यक्तिगत सलाह के रूप में।
यह लेख उपलब्ध स्रोत-सूचना के आधार पर सामान्य जानकारी के लिए है। इसे कानूनी, टैक्स, निवेश या वित्तीय सलाह न माना जाए।